PM Kisan Samman Nidhi Yojana:- की अगली किस्त जारी होने से पहले पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज अनुमंडल ने फॉर्मर रजिस्ट्री (Farmer Registry) के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड बना दिया है। कृषि विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार नरकटियागंज अनुमंडल में 69.72 प्रतिशत किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है, जिसके साथ यह पूरे जिले में पहले स्थान पर पहुंच गया है। इस उपलब्धि से क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर है, क्योंकि फॉर्मर रजिस्ट्री को भविष्य में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं और पीएम किसान योजना के लाभ से जोड़ा जा रहा है।
जारी आंकड़ों के मुताबिक फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान में नरकटियागंज ने बगहा और बेतिया अनुमंडलों को पीछे छोड़ दिया है। बगहा अनुमंडल 58.12 प्रतिशत रजिस्ट्री के साथ दूसरे और बेतिया 48.35 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं प्रखंडवार प्रदर्शन में सिकटा 74.94 प्रतिशत रजिस्ट्री के साथ शीर्ष पर है। इसके अलावा गौनाहा में 72.12 प्रतिशत, लौरिया में 72 प्रतिशत, नरकटियागंज प्रखंड में 70.04 प्रतिशत तथा मैनाटांड में 60.60 प्रतिशत किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है।
कृषि विभाग के अनुसार फॉर्मर रजिस्ट्री किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे PM Kisan Samman Nidhi, कृषि अनुदान, बीज वितरण और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आसानी होगी। विभाग की ओर से कैंप मोड में अभियान चलाया जा रहा है और कृषि कर्मी गांव-गांव जाकर किसानों की किसान आईडी तैयार कर रहे हैं। इस कार्य में राजस्व विभाग के कर्मियों का भी सहयोग मिल रहा है।
अनुमंडल कृषि पदाधिकारी संतोष कुमार ने किसानों से अपील की है कि जिन्होंने अभी तक फॉर्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है, वे जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की जमीन पूर्वजों के नाम पर दर्ज है, वे पहले म्यूटेशन कराकर किसान आईडी बनवाएं। विभाग का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक किसानों को फॉर्मर रजिस्ट्री से जोड़कर उन्हें सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाया जा सके।