PAN Card Download: अगर आपका PAN पहले से बना हुआ है और आपको उसका डिजिटल कॉपी यानी e-PAN डाउनलोड करना है, तो Income Tax e-Filing पोर्टल के जरिए इसे ऑनलाइन डाउनलोड किया जा सकता है। वहीं, जिन लोगों को अभी तक PAN आवंटित नहीं हुआ है, वे पात्र होने पर Instant e-PAN सुविधा के जरिए आधार की मदद से नया e-PAN प्राप्त कर सकते हैं।
सबसे जरूरी बात यह है कि Instant e-PAN उन लोगों के लिए नहीं है जिनके पास पहले से PAN मौजूद है। अगर आपका PAN कार्ड खो गया है, तो नया PAN बनाने के बजाय e-PAN डाउनलोड या PAN रीप्रिंट की प्रक्रिया अपनानी चाहिए।
Instant e-PAN क्या है?
Instant e-PAN Income Tax Department की मुफ्त ऑनलाइन सुविधा है। इसके जरिए पात्र व्यक्ति आधार, आधार से जुड़े मोबाइल नंबर और DigiLocker की मदद से डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित PAN प्राप्त कर सकता है।
इस प्रक्रिया में सामान्यतः कागजी दस्तावेज जमा करने या किसी PAN केंद्र पर जाने की जरूरत नहीं होती।
कौन बनवा सकता है Instant e-PAN?
Instant e-PAN के लिए मुख्य शर्तें हैं:
- आवेदक को पहले से PAN आवंटित नहीं हुआ होना चाहिए।
- वैध Aadhaar होना चाहिए।
- Aadhaar से मोबाइल नंबर लिंक होना चाहिए।
- आवेदक नाबालिग नहीं होना चाहिए।
- पात्रता के अनुसार DigiLocker की सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए।
DigiLocker का इस्तेमाल PAN बनाने की प्रक्रिया में जन्मतिथि से जुड़े निर्धारित दस्तावेज की जानकारी प्राप्त करने के लिए किया जा सकता है। उपलब्ध दस्तावेजों में जन्म प्रमाण पत्र, मैट्रिकुलेशन प्रमाणपत्र/मार्कशीट, ड्राइविंग लाइसेंस और CGHS कार्ड जैसे दस्तावेज शामिल हैं।
नया Instant e-PAN कैसे बनाएं?
इसके लिए Income Tax e-Filing पोर्टल पर जाएं और Instant e-PAN विकल्प खोलें। इसके बाद Get New e-PAN पर क्लिक करें।
आगे आपको पात्रता और सहमति से जुड़े विकल्पों को स्वीकार करना होगा। इसके बाद Aadhaar और आवश्यक e-KYC प्रक्रिया पूरी करनी होगी। Aadhaar से जुड़े मोबाइल नंबर पर OTP भेजा जाएगा, जिसे सत्यापित करना होगा।
जरूरत के अनुसार DigiLocker के जरिए जन्मतिथि का प्रमाण साझा करने की प्रक्रिया भी पूरी करनी पड़ सकती है। आवेदन सफल होने पर आपको Acknowledgement Number मिलेगा।
e-PAN का Status कैसे चेक करें और Download करें?
अगर आपने Instant e-PAN के लिए अनुरोध किया है, तो e-Filing पोर्टल के होमपेज पर जाकर Instant e-PAN चुनें।
इसके बाद Check Status / Download e-PAN विकल्प पर क्लिक करें। अपना 12 अंकों का Aadhaar नंबर दर्ज करें और Aadhaar से जुड़े मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP से सत्यापन करें।
अगर आपका e-PAN जनरेट और आवंटित हो चुका है, तो स्क्रीन पर View e-PAN और Download e-PAN का विकल्प दिखाई देगा। यहां से आप अपनी डिजिटल PAN कॉपी डाउनलोड कर सकते हैं।
e-PAN डाउनलोड करने के लिए जरूरी सावधानियां
PAN से जुड़ी प्रक्रिया हमेशा Income Tax Department के आधिकारिक e-Filing पोर्टल से ही करें। किसी अनजान व्यक्ति या गैर-आधिकारिक वेबसाइट के साथ Aadhaar OTP साझा न करें।
साथ ही, आवेदन करने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि आपके नाम पर पहले से PAN आवंटित नहीं है। अगर Aadhaar पहले से किसी वैध PAN से जुड़ा है, तो Instant e-PAN के जरिए नया PAN नहीं बनाया जा सकता।